Nasik – City Reporter
नाशिक जिले की निफाड तहसील के रानवड क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. रविवार को एक मजदूर ने अपनी पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद अपने 3 मासूम बच्चों के साथ पालखेड नहर में छलांग लगा दी. इस दुखद घटना में पिता समेत तीन बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक बालक का शव अब भी लापता है. मृतकों की पहचान दीपक पोपट पवार (28), प्रसाद (3), और वीर (5) के रूप में हुई है. डेढ़ वर्षीय अविनाश की तलाश अभी भी जारी है. पुलिस जांच के अनुसार, रविवार सुबह दीपक पवार का अपनी पत्नी पूजा से किसी बात पर विवाद हुआ था. इसके बाद दीपक बच्चों को बाल कटवाने के बहाने घर से बाहर ले गया. रानवड सीमा स्थित पालखेड बायीं नहर (नंबर 10) के पास पहुंचकर दीपक ने पहले अपने 2 बड़े बेटों को पानी में फेंक दिया और फिर डेढ़ साल के सबसे छोटे बेटे को सीने से लगाकर खुद भी छलांग लगा दी. स्थानीय लोगों द्वारा शोर मचाने पर भारी भीड़ जमा हो गई. रविवार दोपहर तक दीपक, प्रसाद और वीर के शव बरामद कर लिए गए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण छोटा बेटा अविनाश अब भी लापता है. पुलिस निरीक्षक गणेश गुरव ने बताया कि नहर में पानी का स्तर और बहाव अधिक होने के कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाई आ रही है. दीपक, उसकी पत्नी और भाई पिछले 7 वर्षों से रानवड स्थित एक वाइनरी में मजदूरी कर रहे थे. एक हंसते-खेलते परिवार के इस तरह खत्म होने से इलाके में शोक की लहर है. निफाड पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और लापता बालक की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है.




