Jalgaon Wahid kakar
जलगांव नगर निगम क्षेत्र के संपत्ति धारकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। आर्थिक वर्ष 2025-26 के लिए अग्रिम संपत्ति कर भरने की अंतिम तारीख बढ़ाकर अब 31 मई 2025 कर दी गई है। यह निर्णय नगर आयुक्त एवं प्रशासक श्री ज्ञानेश्वर ढेरे ने लिया है।
गौरतलब है कि 21 अप्रैल 2025 से शुरू की गई इस योजना के तहत जो भी संपत्ति धारक अग्रिम कर जमा करते हैं, उन्हें कुल कर राशि पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। अब तक इस योजना के तहत कुल 23,342 संपत्ति धारकों ने लाभ उठाते हुए कुल ₹18.29 करोड़ की राशि निगम को दी है।
वार्ड वार आंकड़े इस प्रकार हैं:
वार्ड क्रमांक 1 : ₹6.35 करोड़
वार्ड क्रमांक 2 : ₹2.63 करोड़
वार्ड क्रमांक 3 : ₹3.86 करोड़
वार्ड क्रमांक 4 : ₹5.45 करोड़
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, योजना को लेकर नागरिकों में जबरदस्त उत्साह है। इसी को देखते हुए और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने इसकी समयसीमा 31 मई 2025 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
नगर निगम ने सभी संपत्ति धारकों से अपील की है कि वे इस छूट का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और 31 मई से पहले संपत्ति कर भरकर नगर प्रशासन का सहयोग करें। यह अपील आयुक्त श्री ज्ञानेश्वर ढेरे और उपायुक्त (राजस्व) श्रीमती धनश्री शिंदे ने संयुक्त रूप से की है।